सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 23 नवंबर, 2026.

Publish Date : 26/11/2026

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 : गृह प्रवेश सप्ताह के तहत आज 76 लाभुक परिवारों ने नए आवास में किया प्रवेश…

जिले में 17 से 23 नवंबर तक कुल 677 लाभुक परिवारों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश संपन्न…
======================

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत संचालित गृह प्रवेश सप्ताह के क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आवास योजना के लाभुक परिवारों को उनके नवनिर्मित घरों में प्रवेश कराया जा रहा है। इसी कड़ी में आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 76 लाभुक परिवारों ने अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया।

प्राप्त प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, आज चांडिल प्रखंड में 11, गम्हरिया में 03, ईचागढ़ में 05, खरसावां में 15, कुचाई में 08, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 08, राजनगर में 06 तथा सरायकेला प्रखंड में 08 लाभुक परिवारों के आवासों में गृह प्रवेश संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर लाभुक परिवारों को पौधा एवं बधाई पत्र प्रदान कर उनके नए आवास में प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं पंचायत प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में लाभुक परिवारों के लिए यह अवसर और भी खास बना।

उल्लेखनीय है कि गृह प्रवेश सप्ताह के तहत दिनांक 17 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 677 लाभुक परिवारों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश संपन्न कराया जा चुका है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।

यह पहल लाभुक परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में खुशहाली और स्थायित्व लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।