सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 23/11/2026.

Publish Date : 26/11/2026

तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 एवं झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत विद्यालय में ओरल स्क्रीनिंग शिविर आयोजित…

65 छात्र-छात्राओं की हुई मौखिक स्वास्थ्य जांच, दंत स्वच्छता एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक…
======================

सरायकेला। तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 एवं झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को सिविल सर्जन, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार नीमडीह प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय (UMS), जामडीह में ओरल स्क्रीनिंग एवं दंत स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 65 छात्र-छात्राओं की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ मुख एवं स्वस्थ दांतों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए सही तरीके से ब्रश करने, नियमित रूप से दांतों एवं मुंह की साफ-सफाई रखने तथा मौखिक स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही मुंह एवं दांतों से संबंधित विभिन्न बीमारियों के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से दांतों की जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की दंत अथवा मौखिक समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 के तहत छात्र-छात्राओं को खैनी, गुटखा, पान एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों, विशेषकर मुंह एवं दांतों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में NTCP (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) से संबंधित जागरूकता हैंडबिल का वितरण किया गया तथा सभी छात्र-छात्राओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

शिविर को सफल बनाने में दंत चिकित्सक डॉ. साजिद हसनैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मौखिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
======================