सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 19 नवंबर, 2026.
जिले के विभिन्न जलाशयों में नौका संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित…
नावों का पंजीकरण, इंसोरेंस एवं संचालकों के प्रशिक्षण एवं आवश्यक दस्तावेजों के अनुपालन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश…
=======================
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में जिले के विभिन्न जलाशयों में नौका संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शंकराचार्य सामद की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार, मोटरयान निरीक्षक, पर्यटन समन्वयक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विभिन्न जलाशयों में नौका संचालन कर रहे नाव संचालकों तथा नौका संचालन की सेवा उपलब्ध कराने हेतु आवेदन करने वाले संबंधित व्यक्तियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान जिले में नौका संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं, नावों के पंजीकरण, इंसोरेंस एवं संचालकों के प्रशिक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस क्रम में सभी संबंधित नाव संचालकों को अपनी नावों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने तथा प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज संबंधित कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्धारित नियमों एवं आवश्यक मानकों के अनुरूप अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में नौका संचालन से संबंधित विषयों पर हुई चर्चा के आलोक में भी आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। संबंधित नाव संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित प्रक्रियाओं एवं आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
इस दौरान नौका संचालन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जलाशयों में नौका सेवाओं के व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं नाव संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।