सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 18 नवंबर, 2026.
झारखंड स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गृह प्रवेश सप्ताह के तहत जिले में 93 आवासों में कराया गया गृह प्रवेश…
15 से 18 नवंबर तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 534 लाभुक परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश; जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधा, बधाई पत्र एवं आवास की चाबी देकर लाभुकों को किया गया सम्मानित…
झारखंड स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 15 से 21 नवंबर 2026 तक गृह प्रवेश सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण किए गए 93 आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया।
गृह प्रवेश सप्ताह के तहत 15 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 534 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। इसमें चांडिल प्रखंड में 59, गम्हरिया में 71, ईचागढ़ में 60, खरसावाँ में 57, कुचाई में 43, कुकड़ू में 47, नीमडीह में 73, राजनगर में 73 तथा सरायकेला प्रखंड में 51 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया है।
आज दिनांक 18 नवंबर को आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत चांडिल प्रखंड में 13, गम्हरिया में 8, ईचागढ़ में 9, खरसावाँ में 10, कुचाई में 7, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 15, राजनगर में 11 तथा सरायकेला प्रखंड में 8 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।
इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रमों में पंचायत समिति, मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में लाभुक परिवारों को पौधा, व्यक्तिगत बधाई पत्र एवं आवास की चाबी प्रदान कर गृह प्रवेश कराया गया।
उल्लेखनीय है कि गृह प्रवेश सप्ताह के तहत विभिन्न आवास योजनाओं के अंतर्गत पूर्ण आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने के साथ-साथ ‘हर आवास, एक पेड़’ अभियान के तहत लाभुकों को अपने आवास के समीप फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वर्षा जल संचयन, स्वच्छता एवं पोषण वाटिका के प्रति भी जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को गृह प्रवेश सप्ताह की निर्धारित अवधि में सभी पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने तथा पात्र लाभुक परिवारों को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
z
