सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 17 नवंबर, 2026.

Publish Date : 17/11/2026

झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर 19 एवं 20 नवंबर को आयोजित होगी भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय जिला खेल प्रतियोगिता-2026…

फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं जनजातीय खेलों की होंगी प्रतियोगिताएं; राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेताओं को मिलेगा ₹5,100 से ₹1 लाख तक का नकद पुरस्कार…
=======================
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर जिले में भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय जिला खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 19 एवं 20 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं जनजातीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा पारंपरिक खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

19 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं…

19 नवंबर को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अर्जुना स्टेडियम, खरसावाँ में फुटबॉल एवं हॉकी (टीम स्पर्धा) का आयोजन किया जाएगा। वहीं, आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, दुगनी में तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित होगी।

20 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं…

20 नवंबर को पूर्वाह्न 08:00 बजे से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में सेकोर, गुलेल, मटका दौड़, गेंड़ी दौड़, भार दौड़ एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न पारंपरिक एवं जनजातीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

खिलाड़ियों की पात्रता एवं पंजीकरण…

प्रतियोगिता में विशेष रूप से कमजोर आदिम जनजाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों की सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिभागियों की आयु 14 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा खिलाड़ी का सरायकेला-खरसावाँ जिले का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।

इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरकर दिनांक 18 नवंबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे तक जिला खेल कार्यालय, बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में जमा कर सकते हैं। पंजीकरण प्रपत्र जिला खेल कार्यालय एवं जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.saraikela.nic.in से प्राप्त किया जा सकता है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए निर्धारित पुरस्कार राशि…

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं के विजेताओं के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं (गुलेल, मटका दौड़, गेंड़ी दौड़, भार दौड़ एवं तीरंदाजी) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹21,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹11,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹5,100 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं, टीम स्पर्धाओं (सेकोर, फुटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹1,00,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹75,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को ₹50,000 की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। निर्धारित पुरस्कार संरचना के अनुसार विजेताओं को पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 26 एवं 27 नवंबर 2026 को तथा पुरस्कार वितरण समारोह 28 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। नकद पुरस्कार का भुगतान अंतिम अनुमोदित परिणामों, लाभार्थियों के विवरण एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के उपरांत निर्धारित वित्तीय नियमों के अनुसार किया जाएगा।

उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से जिले के इच्छुक खिलाड़ियों से अपील है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण कराते हुए प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करें।