सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 15 नवंबर, 2026.
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन; भगवान बिरसा मुंडा एवं वीर शहीद सिदो-कान्हू को माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि…
‘Run For Cleanliness’ के माध्यम से दिया गया स्वच्छता का संदेश; उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना…
======================
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय भवन एवं बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा सिदो-कान्हू पार्क स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगियारी, उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान एवं राज्य के निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया।
वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला से कुदरसाई शिव मंदिर तालाब तक ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगियारी, उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त सभी पदाधिकारी स्वयं भी दौड़ में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
दौड़ के समापन के पश्चात कुदरसाई शिव मंदिर तालाब स्थित छठ घाट पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त, जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में भी स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई कर आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगियारी ने समस्त जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं जोहार देते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित झारखंड के निर्माण में सामूहिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने जिलेवासियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।
साथ ही, राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी, जागरूकता एवं विकासपरक गतिविधियों में जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई, ताकि इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शंकराचार्य संवाद, जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अमित कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं जिला नियोजन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा आम जनमानस उपस्थित रहे।
