सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 13 नवम्बर, 2026.
राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक…
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, 15 से 28 नवम्बर तक निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश…
=======================
सरायकेला-खरसावाँ। राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 15 से 28 नवम्बर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों एवं क्रियान्वयन को लेकर आज उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला, प्रखंड, पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को विभागवार निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि 15 नवम्बर को प्रातः 08:00 बजे से जिले में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। नगर निकाय क्षेत्रों में संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त तथा प्रखंड स्तर पर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करेंगे। सभी गतिविधियाँ जिला प्रशासन की निगरानी में संचालित होंगी। रन फॉर क्लीनलीनेस के उपरांत जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों की साफ-सफाई, कचरे का निष्पादन एवं आवश्यक स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ने तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
विकसित भारत–जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के अंतर्गत 15 से 28 नवम्बर तक आयोजित होने वाले रोजगार सृजन अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर निर्धारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके तहत ग्राम सभाओं का आयोजन कर श्रमिकों से रोजगार की मांग संबंधी आवेदन प्राप्त करने, रोजगार गारंटी कार्ड के लिए आवेदन लेने तथा पात्र आवेदकों को कार्ड निर्गत करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के अंतर्गत ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं का चयन एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया। इस क्रम में जल संरक्षण, सिंचाई कूप, बागवानी, आँगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण सड़क, नाला पुनर्जीवन, ड्राई बोरवेल रिचार्ज पिट एवं स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने 28 नवम्बर को सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार गारंटी कार्डधारियों के लिए विकसित भारत–जी राम जी से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने तथा विगत वित्तीय वर्ष में 100 दिनों का रोजगार पूर्ण करने वाले श्रमिकों से संबंधित निर्धारित गतिविधियाँ विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण, पीएम-जनमन, अबुआ आवास योजना तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत 15 से 21 नवम्बर तक आयोजित होने वाले गृह प्रवेश सप्ताह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिले में उक्त आवास योजनाओं के अंतर्गत कुल 941 पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के 485, अबुआ आवास योजना के 416, पीएम-जनमन के 25 तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 15 आवास शामिल हैं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश निर्धारित अवधि में सुनिश्चित कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को स्वच्छता, पेयजल, विद्युत कनेक्शन, पोषण वाटिका एवं आजीविका संवर्द्धन से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र परिवारों को अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने को कहा गया।
17 से 25 नवम्बर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत निबंध लेखन, चित्रकला, नाटक, नृत्य-संगीत सहित अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को सभी संबंधित विद्यालयों में निर्धारित प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की भागीदारी के अनुरूप कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन कराने का निर्देश दिया। जिले में विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल संचालन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आयोजन स्थल, आवश्यक संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त 26 एवं 27 नवम्बर को खेलगाँव, राँची में प्रस्तावित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में जिले से चयनित प्रतिभागियों की सहभागिता के लिए आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सिविल सर्जन को विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने, निर्धारित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था करने तथा कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं का स्थानीय भाषाओं में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, पंचायत भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री प्रदर्शित करने के साथ-साथ उपलब्ध संचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। कार्यक्रमों की तिथि, स्थान एवं गतिविधियों की जानकारी आमजनों तक समय रहते पहुँचाई जाए, ताकि इच्छुक नागरिक निर्धारित कार्यक्रमों में भाग ले सकें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील की कि 15 से 28 नवम्बर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में अपनी रुचि एवं क्षेत्र के अनुरूप भाग लें। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से खेलकूद, निबंध लेखन, चित्रकला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा आम नागरिकों से रन फॉर क्लीनलीनेस एवं छठ घाटों की स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।