सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 07 नवंबर 2026.
अवैध शराब के विनिर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग की छापेमारी, एक अवैध चुलाई शराब भट्टी ध्वस्त…
50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त, लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ किया गया विनष्ट…
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में आज दिनांक 07.11.2026 को जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम द्वारा नीमडीह थाना अंतर्गत पुरीयारा गांव में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से संचालित एक चुलाई शराब भट्टी को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के क्रम में कुल 50 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई तथा लगभग 600 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही विनष्ट किया गया।
छापामार दल को आते देख भट्टी संचालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में भट्टी संचालक अरुण गोप के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने इस सम्बन्ध में कहा है की जिला प्रशासन द्वारा आगे अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से इस प्रकार का छापेमारी अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।