सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 04 नवंबर, 2026.
जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित हुई BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक एवं पांचवीं चुनाव पाठशाला, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र संख्या 258 पर बैठक एवं चुनाव पाठशाला का किया निरीक्षण…
नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले मतदाताओं की नामावली का किया गया प्रकाशन, संबंधित मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाने एवं मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा…
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत आज दिनांक 04 नवंबर 2026 को सरायकेला-खरसावाँ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक तथा पांचवीं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया।
इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 258 पर आयोजित बैठक एवं चुनाव पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैठक में निर्धारित गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा उपस्थित BLO एवं BLA-2 से विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
आयोजित बैठक एवं चुनाव पाठशाला के निर्धारित कार्यक्रम के तहत नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले मतदाताओं की नामावली का प्रकाशन किया गया। प्रकाशित नामावली को उपस्थित BLA-2 एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। नामावली में संबंधित मतदाताओं का नाम, EPIC संख्या, मतदाता सूची की क्रम संख्या, आयु, लिंग, संबंध का प्रकार एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारणों से संबंधित विवरण शामिल किए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उक्त नामावली के प्रकाशन एवं उसे पढ़कर सुनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही, संबंधित BLO से नामावली में दर्ज मतदाताओं की संख्या, नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति तथा संबंधित मामलों के निष्पादन को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। उन्होंने BLO एवं BLA-2 को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित BLO अपने मतदान क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराएं तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नए मतदाताओं के पंजीकरण पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके एवं निर्धारित पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु प्रपत्र-6 भरवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। इसके लिए पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया एवं उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि BLO एवं BLA-2 निर्वाचन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी संबंधित कर्मी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी हो तथा प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
आज आयोजित पांचवीं बैठक एवं पांचवीं चुनाव पाठशाला के तहत जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर भी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित बैठक एवं चुनाव पाठशाला में भाग लेकर निर्धारित गतिविधियों के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने नोटिस एवं सुनवाई-सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले मतदाताओं की नामावली के प्रकाशन, उसे उपस्थित BLA-2 एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाने तथा संबंधित BLO द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, लंबित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान AERO-सह-अंचल अधिकारी, सरायकेला श्री अमित कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित BLO Supervisor, BLO, BLA-2 एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
