सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 29 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 31/10/2026
WhatsApp Image 2026-10-29 at 6.41.23 PM

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की ब्रीफिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…

जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर 01 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, सीसीटीवी, फ्रिस्किंग, वीडियोग्राफी एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश…

सरायकेला-खरसावाँ। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी, उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम श्री एजाज अनवर, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दिनांक 01 नवंबर 2026 को जिले के कुल 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं परीक्षा संचालन की प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का संचालन निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करें। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी स्टैटिक दंडाधिकारियों को अपने-अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा निर्धारित प्रपत्र के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से एक दिन पूर्व ही परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था (सिटिंग अरेंजमेंट) पूर्ण करने को कहा गया। साथ ही, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करने तथा केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की जांच कर लेने का निर्देश दिया गया।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। महिला परीक्षार्थियों की जांच सहित निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के अनुपालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर महिला पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग एवं जांच निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाएगी, ताकि परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश को रोका जा सके। प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रश्नपत्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत वीडियोग्राफी के दौरान ही खोले जाएं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, अभिरक्षा एवं समयबद्ध वितरण के साथ परीक्षा समाप्ति के उपरांत ओएमआर शीट तथा अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री के निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा संचालन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अनुपालन किया जाए।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास आवश्यकतानुसार निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया। फ्लाइंग स्क्वॉड को नियमित रूप से भ्रमणशील रहते हुए परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं आवश्यक समन्वय के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने का भी निर्देश दिया गया।

परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया। संबंधित पदाधिकारी परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था, वाहनों के परिचालन एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अन्य जिलों से परीक्षा में शामिल होने आने वाले जरूरतमंद परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में होटल एवं ठहरने की अन्य पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यकता के अनुरूप रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड के आसपास उपयुक्त स्थलों को चिह्नित कर वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जरूरतमंद परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आश्रय गृह खुले रखने तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में आवश्यक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बाहर से आने वाले जरूरतमंद परीक्षार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर ठहरने की सुविधा मिल सके।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित किया जाए।

 

 

 

 

WhatsApp Image 2026-10-29 at 6.41.23 PM