सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 29 अक्टूबर, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा…
सितम्बर माह में 20 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज, यातायात नियमों के उल्लंघन पर ₹16,65,550 का जुर्माना वसूल…
चांडिल गोलचक्कर, चिलगू ब्रिज एवं जामडीह ओवरब्रिज समेत अन्य स्थलों पर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, साइनेज बोर्ड एवं रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश…
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सितम्बर माह के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, यातायात नियमों के अनुपालन तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शंकराचार्य सामद ने सितम्बर माह का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उक्त अवधि में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 16 लोगों की मृत्यु हुई तथा 12 लोग घायल हुए। यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध की गई कार्रवाई में ₹16,65,550 का जुर्माना वसूल किया गया। जिले में चिह्नित 18 ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में चांडिल गोलचक्कर, चिलगू ब्रिज, जामडीह ओवरब्रिज एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, साइनेज बोर्ड एवं रंबल स्ट्रिप स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्थिति एवं संभावित खतरों के संबंध में समय रहते जानकारी मिल सके।
तीतीरबिला सड़क के मरम्मत कार्य में तेजी लाते हुए उसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। पथ निर्माण विभाग को सरायकेला-कांड्रा-आदित्यपुर मार्ग पर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा JARDCL को आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त स्थलों पर रंबल स्ट्रिप स्थापित करने का निर्देश दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित पदाधिकारियों को पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप लंबित कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य सड़कों के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर संचालित चाय-नाश्ते की दुकानों तथा उनके समीप अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों से उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं पर चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को सड़क की भूमि का अतिक्रमण कर संचालित ऐसी दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी ने यातायात निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने तथा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती एवं भ्रमण सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए निर्धारित गति सीमा दर्शाने वाले साइनेज बोर्ड लगाने, सड़कों पर अनावश्यक कटिंग रोकने तथा गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। संबंधित विभागों को आवश्यक स्थलों पर चेतावनी संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।