सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 29 अक्टूबर, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में NCORD कमेटी की बैठक आयोजित, अफीम की खेती की रोकथाम एवं अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई के निर्देश…
अफीम की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करने तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश…
अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध औचक निरीक्षण तथा पुलिस एवं उत्पाद विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश…
========================
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, अफीम की खेती की रोकथाम, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर नियंत्रण तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी, उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्रीमती उषा मुंडू, नगर आयुक्त, आदित्यपुर श्री एजाज अनवर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं NCORD कमेटी के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने अफीम की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा संबंधित अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ऐसे क्षेत्रों में किसानों को वैकल्पिक खेती के प्रति जागरूक करने तथा कृषि विभाग के माध्यम से वैकल्पिक फसलों की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को वैध एवं टिकाऊ आजीविका के विकल्पों से जोड़ा जा सके।
मादक पदार्थों के दुरुपयोग से शरीर, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर को औषधि प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने तथा औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन अथवा प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार का मामला सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाकर संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस एवं उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने तथा अवैध शराब से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य बाजारों में स्थित शराब दुकानों के आसपास सड़क किनारे शराब का सेवन करने तथा इससे यातायात बाधित होने की स्थिति पर नियंत्रण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों को नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सड़क एवं सार्वजनिक आवागमन बाधित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा ऐसी गतिविधियों को रोकने में लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं निगरानी रखने, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री एवं सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन से संबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए उत्पाद विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अफीम की खेती की रोकथाम, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई तथा नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
