सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 28 अक्टूबर, 2026.
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर ब्रीफिंग आयोजित, प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश…
जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर 01 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, परीक्षा संचालन की प्रक्रिया एवं सुरक्षा व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा…
सरायकेला-खरसावाँ। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को नगर भवन सभागार, सरायकेला में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा एवं अपर उपायुक्त द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिले में दिनांक 01 नवंबर 2026 को कुल 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित अभिरक्षा एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोलने, ओएमआर शीट के वितरण एवं संग्रहण, वीडियोग्राफी, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी साझा की गई। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए दिशा-निर्देशों तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान केंद्राधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों को उनके दायित्वों तथा परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया। प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्रश्नपत्र खोलने, ओएमआर शीट के सुव्यवस्थित वितरण एवं संग्रहण, परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी तथा विधि-व्यवस्था संधारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के उपरांत केंद्राधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा द्वारा बिंदुवार उत्तर दिया गया। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन की प्रक्रिया, दायित्वों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के संबंध में आवश्यक स्पष्टीकरण प्रदान किया तथा संबंधित पदाधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया।
सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा परीक्षा को भयमुक्त, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
