सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 26 अक्टूबर 2026.

Publish Date : 28/10/2026
jslps (1)

उपायुक्त की अध्यक्षता में JSLPS एवं जिला आजीविका समन्वय समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास एवं सतत आजीविका से जोड़ने के निर्देश…
============================
आज समाहरणालय सभागार में झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन समाज (JSLPS) एवं जिला आजीविका समन्वय समिति (District Livelihood Coordination Committee) की समीक्षा बैठक उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर पर संचालित आजीविका संवर्धन योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों, क्रेडिट लिंकेज, उद्यमिता विकास तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के साथ समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि महिलाओं को पारंपरिक आजीविका गतिविधियों के साथ-साथ नए व्यवसाय एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। पशुपालन, संरक्षित खेती, मत्स्य पालन सहित अन्य कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में इच्छुक दीदियों को आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय क्रेडिट लिंकेज से संबंधित लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा दुकान, सेवा इकाई, ऑटो सेवा सहित अन्य व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक पात्र महिलाओं को नियमानुसार मुद्रा ऋण एवं आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दीदियों के उत्पादों की बेहतर बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मार्केटिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। स्थानीय मांग एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप उत्पादों के चयन, उत्पादन तथा बिक्री के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के माध्यम से क्षेत्रीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं संभावनाओं का आकलन करते हुए इच्छुक महिलाओं को व्यवसाय से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही, आजीविका गतिविधियों के विस्तार हेतु आवश्यकतानुसार फार्म एवं नॉन-फार्म क्षेत्र में माइक्रो डेवलपमेंट प्लान तैयार करने तथा उसके प्रभावी क्रियान्वयन में संबंधित समूहों को सहयोग देने का निर्देश दिया गया।

बैठक में दीदी बगिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा सभी उत्पादक समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) को पूर्णतः क्रियाशील बनाने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने FPOs के व्यवसाय, उत्पादन क्षमता एवं टर्नओवर में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाने तथा कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका संवर्धन योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में दीदियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंच सके।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि JSLPS के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, क्रेडिट लिंकेज, बाजार संपर्क एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में स्वयं सहायता समूहों एवं उनके संघों की सहभागिता बढ़ाने, नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण एवं प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित हों और उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को गति मिल सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, DPM-JSLPS सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

jslps (2) jslps (1)