सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 15 अक्टूबर 2026.
दुर्गा पूजा के मद्देनजर सार्वजनिक स्थलों पर शराब की अड्डेबाजी के विरुद्ध उत्पाद विभाग का अभियान, एक बिक्री केंद्र संचालक गिरफ्तार; स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…
आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला–खरसावाँ के निर्देशानुसार दिनांक 14 अक्टूबर 2026 की देर संध्या उत्पाद विभाग की टीम द्वारा आदित्यपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शराब की अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शेरे पंजाब चौक, आरआईटी मोड़, इमली चौक, श्रीडूंगरी, भाटिया बस्ती, केडिया चौक, लाल बिल्डिंग एवं बिको मोड़ सहित अन्य चिह्नित स्थलों पर जांच एवं कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित होटल एवं खाद्य स्टॉल संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक जमावड़े को बढ़ावा नहीं देने तथा शराब का सेवन एवं अड्डेबाजी नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। सार्वजनिक स्थलों एवं मैदानों में शराब का सेवन कर रहे लोगों को वहां से हटाया गया। इसके अतिरिक्त, भाटिया बस्ती से एक बिक्री केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सार्वजनिक स्थलों, होटलों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के आसपास शराब की अड्डेबाजी तथा आमजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी, जांच अभियान एवं औचक निरीक्षण किए जाएंगे। होटल, खाद्य स्टॉल एवं अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की जाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन एवं अनावश्यक जमावड़ा करने से बचें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें। होटल एवं खाद्य स्टॉल संचालक भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास ऐसी गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।