सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 08 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 13/10/2026

अवैध पार्किंग के विरुद्ध परिवहन विभाग का अभियान जारी, 22 भारी वाहनों पर ₹1.44 लाख का जुर्माना, वाहन चालकों को दी गई सख्त हिदायत…
==========================
सरायकेला-खरसावाँ। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश के आलोक में परिवहन विभाग द्वारा अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ श्री शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क मार्गों पर जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं अन्य स्थानों पर अवैध रूप से पार्क किए गए कुल 22 भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1,44,950/- का जुर्माना किया गया।

परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि सड़क किनारे भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात के सामान्य संचालन में बाधा उत्पन्न होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। विशेषकर रात्रि के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहन अन्य वाहन चालकों के लिए सुरक्षा जोखिम उत्पन्न कर सकते हैं।

अभियान के दौरान संबंधित वाहन चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा मुख्य सड़क, सड़क किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला परिवहन विभाग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।