सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 01 अक्टूबर, 2026.
नगर निगम आदित्यपुर के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में मल्टी-स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप की द्वितीय बैठक सम्पन्न…
पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों एवं अब तक की प्रगति की हुई समीक्षा, नदी तट विकास, जल संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त क्षेत्र के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश…
सरायकेला-खरसावां, 01 अक्टूबर 2026: उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर क्षेत्र के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) के निर्माण से संबंधित मल्टी-स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप (MSWG) की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में चिन्हित बिंदुओं एवं दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में खरकई नदी के समग्र विकास एवं संरक्षण, नदी तट विकास, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था तथा शहरी क्षेत्र में हरित क्षेत्र के विकास से संबंधित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान को क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी एवं दीर्घकालिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी तट के समुचित विकास, फ्लड प्लेन प्लान, जल निकायों के संरक्षण, उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग एवं हरित क्षेत्र के विकास से संबंधित पहलुओं को कार्ययोजना में समाहित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जल संचयन एवं जल संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा शहरी क्षेत्र में उपलब्ध जल स्रोतों एवं जल निकायों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने पर चर्चा की गई। साथ ही खरकई नदी एवं उससे जुड़े जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
सॉलिड वेस्ट के डिपोजिट, कलेक्शन एवं डिस्पोजल की व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा नदी, नालों एवं जल निकायों में कचरा जाने से रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। नालों की कनेक्टिविटी, जल निकासी एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक संरचनात्मक एवं प्रबंधन संबंधी उपायों को योजना में शामिल करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पूर्व बैठक में चर्चा किए गए तालाबों के जीर्णोद्धार, नालों की कनेक्टिविटी, सीवेज एवं जल निकासी व्यवस्था, एसटीपी के सुदृढ़ीकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, भू-जल संरक्षण, पार्क एवं हरित क्षेत्रों के विकास, नदी तटों के सौंदर्यीकरण तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना से संबंधित अद्यतन आंकड़े, मैपिंग, तकनीकी जानकारी एवं आवश्यक प्रस्ताव समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान केवल नदी संरक्षण तक सीमित न होकर जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बाढ़ एवं जलभराव प्रबंधन तथा शहरी हरित क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए।
बैठक में नगर निगम आदित्यपुर क्षेत्र में नदी एवं जल निकायों के संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने तथा स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में विभागों के बीच समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम श्री एजाज अनवर एवं जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार समेत वन प्रमंडल, JUIDCO, JIADA, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल संसाधन विभाग, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, JARDA/JARDCL, स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य, उद्यान सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
