सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 26 सितम्बर, 2026.

Publish Date : 28/09/2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश…

अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर सघन जांच व कड़ी कार्रवाई, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मति का निर्देश…

सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष कार्ययोजना के तहत प्रवर्तन, जागरूकता एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर रहा जोर…
==========================
सरायकेला-खरसावाँ, 26 सितम्बर 2026। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगीयारी, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकास, अनुमदल पदाधिकारी चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शांकचार्य शामद , पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), यातायात निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, सड़क सुरक्षा उपायों एवं यातायात नियमों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि विगत माह जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिसमें 13 लोगों की मृत्यु एवं 09 लोग घायल हुए। जिले में कुल 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक उपायों को प्रभावी रूप से लागू करने तथा चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सरायकेला-कांड्रा, सरायकेला-राजनगर, चांडिल, आदित्यपुर-गम्हरिया एवं चौका सहित प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित एवं सघन जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से कांड्रा रेलवे ओवरब्रिज, कांड्रा चौक, अमलगम, RKFL एवं कोलाबिरा सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर यातायात बाधित करने वाली अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई के क्रम में कुल ₹14,22,900/- जुर्माना वसूले जाने की जानकारी दी गई।

आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख सड़कों पर अवैध पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभी से नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश उपायुक्त के द्वारा दिया दिया गया। विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के मुख्य द्वार एवं आसपास सड़क पर वाहनों के अनियमित रूप से खड़े रहने से उत्पन्न यातायात बाधा एवं जनसमस्या को देखते हुए संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने NH एवं राज्य राजमार्गों पर खराब अथवा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर लंबे समय तक खड़े रहने से उत्पन्न दुर्घटना की संभावना को देखते हुए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक चेतावनी संकेतक/साइनेज बोर्ड लगाने तथा संबंधित एजेंसियों के समन्वय से खराब अथवा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सड़क से हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती दल को नियमित रूप से भ्रमणशील रखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नियमित सघन वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी को पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा इसके लिए समर्पित टीम के माध्यम से प्रवर्तन गतिविधियों को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

NH मार्गों पर निर्धारित गति सीमा के अनुपालन की नियमित निगरानी के लिए स्पीड गन से जांच हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। साथ ही प्रमुख मार्गों पर ओवरस्पीडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त ने NHAI एवं JARDCL को क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मति कर उन्हें आवागमन योग्य स्थिति में रखने तथा बारिश समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण एवं मरम्मति कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। चांडिल-चौका मार्ग में क्षतिग्रस्त सर्विस लेन तथा सड़क मरम्मति कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। सभी संबंधित एजेंसियों को सड़क की स्थिति की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक मरम्मति कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

JARDCL को जिले में खराब स्ट्रीट लाइटों की यथाशीघ्र मरम्मति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही CSR मद से सरायकेला से कांड्रा तथा कांड्रा से गम्हरिया तक स्थापित स्ट्रीट लाइटों में खराब लाइटों की मरम्मति कराने को कहा गया, ताकि प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन आवागमन के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

JARDCL को आदित्यपुर नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर कांड्रा से गम्हरिया के बीच मुख्य सड़कों पर पड़े कचरे का नियमित उठाव एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा इसके लिए समुचित कार्ययोजना बनाकर नियमित रूप से कार्य कराने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वांगीयारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन एवं निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खराब अथवा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर खड़े रहने की स्थिति की नियमित जानकारी रखने तथा ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग एवं वाहन स्वामी से समन्वय स्थापित कर वाहनों को शीघ्र सड़क से हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने NH एवं राज्य राजमार्गों सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती दल को नियमित रूप से भ्रमणशील रखते हुए यातायात व्यवस्था की निगरानी करने तथा दुर्घटना की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक पुलिस एवं संबंधित थाना प्रभारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने तथा प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के अवैध पार्किंग एवं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच एवं कार्रवाई करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के अनुपालन के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।