Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 16 सितम्बर 2026.

Publish Date : 18/09/2026

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता के मामले में कार्रवाई, प्राथमिकी के अनुसंधान एवं सत्यापन के उपरांत पीडीएस डीलर विनोद नायक गिरफ्तार…

29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 में BNS की धारा 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत दर्ज हुई थी प्राथमिकी…

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण में अनियमितता के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खरसावां थाना में दिनांक 29 मई 2026 को दर्ज कांड संख्या 25/26 में प्राथमिकी के अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के उपरांत पीडीएस डीलर विनोद नायक, उम्र 45 वर्ष को आज गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि खरसावां प्रखंड अंतर्गत निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों के खाद्यान्न स्टॉक एवं अभिलेखों के विशेष सत्यापन के दौरान ग्राम तेलीसाई के पीडीएस डीलर विनोद नायक के यहां स्टॉक में गंभीर अनियमितता पाई गई थी। अभिलेखों के अनुसार उनके यहां 15,142 किलोग्राम चावल एवं 3,892 किलोग्राम गेहूं अवशेष स्टॉक के रूप में उपलब्ध होना अपेक्षित था, जबकि भौतिक सत्यापन के दौरान चावल का स्टॉक शून्य पाया गया था।

उक्त अनियमितता के संबंध में दिनांक 29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। उक्त कांड में BNS की धारा 316(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के क्रम में पुलिस द्वारा विनोद नायक को आज गिरफ्तार किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न के स्टॉक, अभिलेखों एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, खाद्यान्न के दुरुपयोग, गबन अथवा अभिलेखों में विसंगति पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली पात्र लाभुकों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं लाभुकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।