सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 22 अगस्त, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न — अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित जांच एवं सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश…
=========================
सरायकेला-खरसावाँ, 22 अगस्त 2026 : जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वागिंयारी की उपस्थिति में विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ जिले में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर सतपथी द्वारा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिनांक 22 जून 2026 से 21 अगस्त 2026 तक लगभग 3,50,000 घन फीट बालू से संबंधित मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 14 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 12.91 लाख रुपये की राशि की वसूली की गई तथा 01 प्राथमिकी/शिकायतवाद दर्ज किया गया। कार्रवाई के क्रम में 03 ट्रैक्टर, 05 हाइवा एवं 01-407 वाहन सहित अवैध क्वार्जाइट पत्थर उत्खनन एवं खनिज परिवहन से संबंधित वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, विशेषकर बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। एनजीटी के निर्देशानुसार निर्धारित अवधि में नदी से बालू के अवैध उत्खनन एवं उठाव पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने तथा नदी घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने जिला खनन विभाग को भी जिला स्तर पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों की नियमित जांच करने तथा वैध दस्तावेज के बिना खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के संबंध में किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायत अथवा सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्राप्त सूचना को लंबित न रखते हुए संबंधित पदाधिकारी द्वारा त्वरित सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
अवैध खनन एवं खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए पुलिस, खनन विभाग, अंचल प्रशासन एवं परिवहन विभाग के बीच समन्वय के साथ संयुक्त जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील मार्गों एवं क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार विशेष जांच अभियान चलाते हुए अवैध खनिज परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों में खनिज को तिरपाल से पूरी तरह ढंककर परिवहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं गश्त, संयुक्त छापेमारी अभियान तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम से संबंधित नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।