सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 10 अगस्त 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न, पेयजल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षा कर दिए गए आवश्यक निर्देश…
छूटे हुए शत-प्रतिशत हाउसहोल्ड को नल-जल योजना से जोड़ने तथा अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश…
============================
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के सुचारु संचालन, लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन तथा शत-प्रतिशत हाउसहोल्ड को नल-जल योजना से आच्छादित करने के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने हाउसहोल्ड कनेक्शन की स्थिति में सुधार लाने तथा सिंगल विलेज स्कीम (SVS) एवं मल्टी विलेज स्कीम (MVS) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप छूटे हुए सभी हाउसहोल्ड को यथाशीघ्र नल-जल योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही, SVS एवं MVS के अंतर्गत छूटे हुए हाउसहोल्ड की अद्यतन सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित सभी हाउसहोल्ड को नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा कनेक्शन से वंचित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने SVS एवं MVS के अंतर्गत लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी इनकम्प्लीटेड स्कीम की अद्यतन स्थिति स्पष्ट करते हुए उनकी सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लंबित कार्यों को पूर्ण कराने तथा योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
बैठक में ऐसे गांव एवं टोलों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, जहां वर्तमान में संचालित पेयजल आपूर्ति योजना के माध्यम से पर्याप्त अथवा नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। संबंधित अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी ग्रामीण को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पेयजल योजनाओं के समुचित उपयोग, जल संरक्षण एवं जल के महत्व के प्रति जागरूक करने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव, जलापूर्ति की गुणवत्ता तथा क्षेत्रीय स्तर पर प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, हाउसहोल्ड कनेक्शन की स्थिति, अपूर्ण योजनाओं तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करने तथा योजनाओं के सुचारु संचालन एवं निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
