सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 29 जुलाई, 2026.
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अंतर्गत डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण…
8,92,189 मतदाताओं का रिकॉर्ड डिजिटाइज, जिले में डिजिटाइजेशन कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण…
===========================
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता अभिलेखों के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। जिले के कुल 8,92,189 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है तथा लंबित डिजिटाइजेशन की संख्या शून्य है।
विधानसभावार प्रगति निम्नानुसार है—
50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,88,888 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया। इनमें 2,55,770 निर्वाचक प्रपत्र (EF) डिजिटाइज किए गए तथा 33,118 ASDD Mark प्रकरणों सहित कुल कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हुआ।
51-सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,74,735 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया। इनमें 3,00,953 निर्वाचक प्रपत्र डिजिटाइज किए गए तथा 73,782 ASDD Mark प्रकरणों सहित कुल कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हुआ।
57-खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,28,566 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया गया। इनमें 2,08,643 निर्वाचक प्रपत्र डिजिटाइज किए गए तथा 19,923 ASDD Mark प्रकरणों सहित कुल कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हुआ।
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत डिजिटाइजेशन कार्य का शत-प्रतिशत पूर्ण होना पूरे जिले के लिए गर्व एवं संतोष का विषय है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), बीएलओ, पर्यवेक्षकों, स्वयंसेवकों तथा सभी संबंधित विभागों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक कार्य में जिले की आम जनता, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया सक्रिय सहयोग इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार रहा है। जागरूक नागरिकों ने सही जानकारी उपलब्ध कराने, समय पर आवश्यक सहयोग देने तथा अभियान को सफल बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, स्वयंसेवकों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की आगामी प्रक्रियाओं में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग बनाए रखें, ताकि निर्वाचन नामावली को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का उद्देश्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक सहयोग एवं उत्तरदायित्व से आगे की निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाएँ भी सुचारु, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न होंगी।
अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिले के सभी नागरिकों, निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।