Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 19 जून, 2026.

Publish Date : 24/06/2026
janta darbar (1)

उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदनों पर हुई सुनवाई…

सरायकेला-खरसावाँ, 19 जून 2026 : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों की क्रमवार समीक्षा करते हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई हेतु विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया। कई मामलों में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों को नियमानुसार निष्पादन हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

जनता दरबार में मुख्य रूप से सरायकेला-राजनगर-चक्रधरपुर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित भूमि की लंबित मुआवजा राशि के भुगतान, गम्हरिया अंचल अंतर्गत पैतृक संपत्ति में भाई द्वारा बहन को वैधानिक हिस्सा नहीं दिए जाने, चांडिल अंचल में लंबित म्यूटेशन वादों के निष्पादन, राजनगर प्रखंड में खराब चापाकलों की मरम्मति कर पेयजलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान, पैतृक भूमि का विधिवत बंटवारा किए बिना चचेरे भाई द्वारा भूमि विक्रय किए जाने, प्रभात पार्क आदित्यपुर के समीप पुनः अवैध दुकानें स्थापित किए जाने तथा असामाजिक तत्वों द्वारा सार्वजनिक स्थल पर नशा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर महिलाओं की सुरक्षा एवं सामाजिक वातावरण प्रभावित किए जाने के संबंध में कार्रवाई करने एवं पुलिस गश्ती बढ़ाने, चांडिल के बामनी मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण, चांडिल अंचल अंतर्गत धुंआगुड़ विस्थापितों की लंबित मुआवजा राशि के भुगतान, नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र में पेयजलापूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान, सीडीपीओ कार्यालय में उपलब्ध ट्राईसाइकिलों के वितरण तथा तालाब जीर्णोद्धार एवं नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र में अतिक्रमित सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों से संबंधित अन्य जनसमस्याओं एवं लोकहित के मामलों पर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए।

उपायुक्त ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों एवं जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा गंभीर प्रकृति के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक पात्र आवेदक को नियमानुसार न्यायोचित लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

 

 

janta darbar (2) janta darbar (3) janta darbar (4) janta darbar (1)