सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 09 जून, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं समयबद्ध कार्रवाई के दिए गए निर्देश…
=============================
आज मंगलवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए।
जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर उपायुक्त द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया तथा शेष मामलों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में कोविड-19 के दौरान माता-पिता की मृत्यु से प्रभावित बच्चों को शिक्षा एवं स्पॉन्सरशिप योजना से आच्छादित करने, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-24, इच्छापुर में आंगनबाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितता की शिकायत, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत मुंडाटांड़, मोहितपुर एवं चिलगू पंचायत के विभिन्न गांव-टोलों को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क के मरम्मतीकरण, राजनगर प्रखंड के कुटुंग गांव में धर्मांतरण संबंधी शिकायत, आदित्यपुर वार्ड संख्या-17 में अतिक्रमित सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित उषा मोड़ के समीप अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन एवं अन्य जनहित से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था तथा पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
