Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 09 जून, 2026.

Publish Date : 12/06/2026

उपायुक्त एवं अपर उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन…

       

भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज बिरसा चौक, सरायकेला एवं समाहरणालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह एवं अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार ने अन्य पदाधिकारियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महान प्रतीक थे। उन्होंने शोषण एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को आत्मसम्मान, स्वाभिमान एवं अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उनके विचार एवं आदर्श आज भी समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, जनजागरण एवं सामाजिक चेतना का अद्वितीय उदाहरण है। प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी को समाज एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराते हैं तथा समावेशी विकास की दिशा में प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।