सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक :- 05 जून, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का हुआ आयोजन…
कई मामलों का ऑन द स्पॉट हुआ निष्पादन, अन्य मामलों के समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश…
आज शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनता दरबार में फरियादी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर उपस्थित हुए। प्राप्त आवेदनों पर उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया तथा अन्य मामलों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मान राशि प्रदान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ अवरुद्ध होने, ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानिकुई-कटिया सड़क के मरम्मत कार्य के दौरान नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने ताकि धूल प्रदूषण एवं दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके, ग्राम पंचायत तमोलिया में आदिवासी समुदाय के धार्मिक स्थल जाहेरस्थान की घेराबंदी कराने, उत्क्रमित मध्य विद्यालय आगासिया में मध्यान्ह भोजन मद की राशि में कथित अनियमितता की जांच कराने, भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
