Close

सूचना भवन, सरायकेला-खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 24.04.2026.

Publish Date : 28/04/2026

उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं के प्रभावी नियंत्रण, यातायात अनुशासन सुदृढ़ीकरण एवं नियमों के कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में दिनांक 24/04/2026 को देर शाम नीमडीह थाना क्षेत्र एवं चांडिल थाना अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के समीप सघन जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के क्रम में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹1,04,650 (एक लाख चार हजार छह सौ पचास) की वसूली की गई। इस दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात के वाहन संचालन एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त जांच करते हुए संबंधित चालकों पर कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को अनधिकृत/अतिरिक्त लाइट्स का उपयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने हेतु कड़ी चेतावनी दी गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देशित किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत निरंतर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग एवं लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, अतः ऐसे मामलों में कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने आमजन एवं वाहन चालकों को सचेत करते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, अतः सभी लोग नियमों का पालन कर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था में सहयोग करें।

जाँच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो सहित संबंधित पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।