सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 13 अप्रैल 2026.
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत नीमडीह प्रखंड में पिगरी एवं गोटरी यूनिट का वितरण—ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल…
सरायकेला–खरसावाँ:
नीमडीह प्रखंड में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशुपालन को प्रोत्साहित करने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाभार्थियों के बीच पिगरी एवं गोटरी यूनिट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 1 यूनिट पिगरी एवं 4 यूनिट गोटरी का वितरण चयनित लाभुकों के बीच किया गया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देना, छोटे एवं सीमांत किसानों की आय में वृद्धि करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा लाभार्थियों को पशुपालन से संबंधित आवश्यक जानकारी, पशु आहार प्रबंधन, स्वास्थ्य देखभाल एवं स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि वे इस योजना का समुचित लाभ प्राप्त कर सकें।
प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर लाभुकों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनका पशुपालन व्यवसाय स्थायी एवं लाभकारी बन सके।
इस अवसर पर प्रखंड प्रशासन, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में लाभार्थियों से अपील की गई कि वे पशुओं के उचित देखभाल एवं प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें तथा विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी आय में वृद्धि सुनिश्चित करें।