सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक — 24 मार्च, 2026.
सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत सामुदायिक भवन परिसर, सरायकेला स्थित ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में त्रिमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन यंत्रों सहित सभी आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की कार्यस्थिति का अवलोकन किया गया।
वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा बलों को सतर्कता एवं संयम के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप दायित्वों के निर्वहन के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी तंत्रों की नियमित जांच, सतत निगरानी तथा समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उरांव एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
