Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 20 मार्च 2026.

Publish Date : 24/03/2026
dc janta darbar (3)

साप्ताहिक जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं से अवगत हुए उपायुक्त, त्वरित समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश…

सरायकेला–खरसावाँ : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।

जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, पेयजल, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित अन्य जनहित से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए।
साथ ही आदित्यपुर क्षेत्र स्थित टावर–32 फ्लैट में गेल इंडिया द्वारा गैस पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने के बावजूद आपूर्ति प्रारंभ नहीं किए जाने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अतिरिक्त चांडिल प्रखंड अंतर्गत चावलिबासा पंचायत के दो अनाथ बच्चों का आधार पंजीकरण नहीं होने से सरकारी योजनाओं से वंचित रहने तथा कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण औद्योगिक संस्थानों एवं होटल-रेस्टोरेंट में उत्पन्न हो रही समस्याओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया।

उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की यथाशीघ्र जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिन मामलों का निष्पादन तत्काल संभव है, उन्हें अविलंब निष्पादित किया जाए तथा शेष मामलों में शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।

उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समुचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

 

dc janta darbar (2) dc janta darbar (3) dc janta darbar (1)