सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 17 मार्च 2026.
आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त की अध्यक्षता मे जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, प्राप्त सुझावों एवं प्रशासनिक निर्देशों के आलोक में विधि-व्यवस्था एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए गए निर्देश…
आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत की उपस्थिति में जिला अंतर्गत ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र एवं चैती छठ-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के सुचारू संधारण के निमित्त जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों से आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए गए। प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों द्वारा चैती छठ एवं रामनवमी के मद्देनजर नदियों एवं घाटों की साफ-सफाई, आवश्यकतानुसार जल उपलब्धता सुनिश्चित करने, घाटों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, सड़कों एवं नालियों की सफाई, मुख्य चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइटों के रख-रखाव, विद्युत खंभों पर झूलते तारों को दुरुस्त करने, जुलूस एवं शोभायात्राओं में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निर्धारित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा जुलूस मार्ग में स्थित मांस एवं मछली की दुकानों को दो दिनों तक बंद रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त ने उक्त सुझावों के आलोक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जुलूस मार्गों में अवैध वाहन पार्किंग, ठेला-खोमचा एवं अन्य अवरोधों को हटाने तथा नगर निकाय क्षेत्रों के मुख्य चौक-चौराहों एवं नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन नदियों में जल की अधिकता या संवेदनशीलता है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए तथा निर्धारित दूरी पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
उपायुक्त ने सदर अनुमंडल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अलर्ट मोड में रखने तथा फायर ब्रिगेड टीम को भी स्टैंडबाय स्थिति में रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन कैमरा एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जुलूस या शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से विचलित न हो।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि जुलूस एवं शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों में सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकतानुसार विद्युत आपूर्ति नियंत्रित रखें तथा जुलूस समापन के पश्चात विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करें। साथ ही विद्युत खंभों एवं झूलते तारों को पूर्व में ही दुरुस्त करना सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं व्हाट्सएप समूहों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार के भ्रामक, भड़काऊ अथवा सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा जुलूसों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं आयोजन समितियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में पर्व-त्योहार सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकास, अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर श्री रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो , अनुमंडल पदाधिकारी चांडील श्री विकास राय, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी समान्य शाखा श्री अविनाश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सरायकेला, कार्यपालक अभियंता विद्युत एवं पेयजल विभाग, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
