सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 28 फरवरी 2026
होली पर्व के अवसर पर समाहरणालय परिसर में हर्बल गुलाल स्टॉल का उपायुक्त ने किया उद्घाटन…
===========================
होली पर्व के अवसर पर सरायकेला–खरसावाँ के समाहरणालय परिसर में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा खरसावाँ आजीविका महिला संकुल संगठन के माध्यम से प्राकृतिक उत्पादों से निर्मित हर्बल गुलाल के स्टॉल का उद्घाटन किया गया। जिले के सभी 9 प्रखंडों के 15 संकुल स्तरीय संगठनों से जुड़ी लगभग 80 ग्रामीण महिलाओं द्वारा इस प्राकृतिक गुलाल का निर्माण किया गया है। यह पहल सामूहिक उद्यमिता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग एवं महिला आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उद्घाटन उपरांत उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने स्टॉल का निरीक्षण कर उत्पाद निर्माण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा महिला सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार प्राकृतिक एवं रसायनमुक्त उत्पाद जनस्वास्थ्य की दृष्टि से सुरक्षित होने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की आय वृद्धि एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उक्त हर्बल गुलाल पूर्णतः प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया गया है, जिसमें किसी प्रकार के रासायनिक तत्वों का उपयोग नहीं किया गया है। यह उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ त्वचा के लिए भी सुरक्षित है।
उल्लेखनीय है कि यह उत्पाद ग्रामीण सखी मंडलों से संबद्ध महिलाओं द्वारा तैयार किया गया है, जो उनके लिए आय का एक सशक्त एवं स्थायी स्रोत के रूप में विकसित हो रहा है। इस पहल से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।
