Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ (मीडिया कोषांग) प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 20 फरवरी 2026.

Publish Date : 02/03/2026

नगर निकाय आम निर्वाचन–2026 : आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत हेतु मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, पर्यवेक्षक एवं सहायकों का प्रथम चरण जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, मतगणना प्रक्रिया, मतपत्र परीक्षण एवं परिणाम संधारण की दी गई विस्तृत जानकारी…

आज नृपराज उच्च विद्यालय, सरायकेला में आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत के लिए प्रतिनियुक्त मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना पर्यवेक्षक एवं मतगणना सहायकों का जिला स्तरीय प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान मतगणना कर्मियों को उनके दायित्वों, कार्य-प्रणाली एवं अपेक्षित अनुशासन के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संचालित की जानी है, जिसमें प्रत्येक चरण का सावधानीपूर्वक अनुपालन अनिवार्य होगा। मतगणना कक्ष की संरचना, मतगणना टेबलों की संख्या, उनकी सुव्यवस्थित स्थापना, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तथा समुचित ले-आउट के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
सत्र में मतपेटी खोलने की निर्धारित प्रक्रिया, सीलों के सत्यापन, अभिलेखों के मिलान तथा उसके उपरांत मतपत्रों की गणना की क्रमबद्ध कार्यवाही को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किन परिस्थितियों में मतपत्रों को अस्वीकृत किया जा सकता है। विधिमान्य एवं अविधिमान्य मतपत्रों का प्रदर्शन कर कर्मियों को परीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, जिससे वे मतों की गणना के दौरान त्रुटिरहित निर्णय ले सकें।

निर्वाचन परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया के अंतर्गत प्रपत्र 19 (भाग-1 एवं भाग-2), प्रपत्र 20 एवं प्रपत्र 21 के संधारण की विधि विस्तार से समझाई गई। इसके अतिरिक्त प्रपत्र 17 (मतपत्र लेखा) एवं प्रपत्र 18 (पेपर सील लेखा) के संधारण एवं मिलान की प्रक्रिया पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि परिणाम घोषणा से पूर्व सभी अभिलेख विधिवत रूप से पूर्ण एवं सत्यापित रहें।

प्रशिक्षण के दौरान यह निर्देशित किया गया कि मतगणना कार्य पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जाए, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता एवं शुचिता अक्षुण्ण बनी रहे।