सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ (मीडिया कोषांग) प्रेस विज्ञप्ति दिनांक– 20 फरवरी 2026.
नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों के तहत काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने किया निरीक्षण; निर्वाचन सामग्रियों की पैकेजिंग की समीक्षा कर त्रुटिरहित एवं समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…
नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन हेतु आज शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम (बज्रगृह) एवं मतगणना केंद्र हेतु चिन्हित स्थलों का अवलोकन करते हुए उपलब्ध मूलभूत एवं आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपायुक्त द्वारा परिसर में पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी तैयारियों को योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा निर्वाचन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में काशी साहू महाविद्यालय में अवस्थित निर्वाचन सामग्रियों के संग्रहण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्वाचन सामग्रियों की पैकेजिंग प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया गया कि प्रत्येक पैकेट में निर्धारित सूची के अनुसार सभी आवश्यक सामग्रियाँ अनिवार्य रूप से सम्मिलित की जाएँ। साथ ही पैकिंग पूर्ण होने के उपरांत प्रत्येक पैकेट की पुनः सूक्ष्म जाँच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना शेष न रहे।
मौके पर निदेशक DRDA श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उरांव, उप रिजस्टार, जिला पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
