सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 10 फरवरी, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन
जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश
आज समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं पर उपायुक्त द्वारा क्रमवार एवं गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई।
जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में गम्हरिया अंचल कार्यालय अंतर्गत पंजी-II में संधारण, सीमांकन एवं अवैध अतिक्रमण से मुक्ति से संबंधित विषय, अवैध ईंट-भट्टों के संचालन पर नियंत्रण लगाने का मामला, चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के डैम-डूबी क्षेत्र अंतर्गत ग्रामों की जलसहिया का नाम सूची से हटाए जाने तथा विगत दो वर्षों से मानदेय का भुगतान नहीं होने से संबंधित प्रकरण, राजनगर प्रखंड के केंद्र मुंडी क्षेत्र में अवैध क्रशर संचालन हेतु प्रस्तावित पत्थर खनन पट्टा आवंटन पर रोक एवं आपत्ति, कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत 82 शूरु में कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत समेकित जनजातीय धुमकुड़िया भवन निर्माण में उत्पन्न बाधा, नीमडीह अंचल अंतर्गत खाता संख्या 211 पर एकलव्य विद्यालय निर्माण हेतु अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजा राशि के भुगतान सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य विषय शामिल रहे।
उपायुक्त द्वारा विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता दरबार में प्रस्तुत सभी प्रकरणों की विधिसम्मत, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अविलंब स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान की जा सके।
