Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां (मीडिया कोषांग) प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 29 जनवरी 2026.

Publish Date : 30/01/2026

नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 : जन शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग हुआ सक्रिय…

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त के निर्देशानुसार नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग को सक्रिय किया गया है।

यह जन शिकायत कोषांग निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों, सूचनाओं, समस्याओं एवं असुविधाओं के त्वरित संज्ञान एवं समाधान हेतु कार्य करेगा। आम नागरिक नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा जानकारी के लिए टोल-फ्री दूरभाष संख्या 06597-234008 एवं 06597-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

जन शिकायत कोषांग में प्राप्त शिकायतों का संबंधित पदाधिकारी/निर्वाची पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्यालय अवधि में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।

जिला पनिर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत अथवा सूचना के लिए निर्धारित हेल्पलाइन संख्याओं का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।