सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 27 जनवरी, 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का हुआ आयोजन — जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश…
*आज समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं पर उपायुक्त द्वारा क्रमवार एवं गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई।
जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत यशपुर पंचायत के हुदरूबेड़ा ग्राम से वनाधिकार पट्टा से संबंधित लंबित मामले का निष्पादन, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत तिरला बालीडीह ग्रामवासियों के अनुरोध पर कुलूडीह बरगद पेड चौक से बलिडीह होते हुए रंगातांड तक 3.5 किमी सड़क निर्माण तथा बालीडीह आंगनवाड़ी चौक से आदित्यप्रतापपुर मुख्य मार्ग तक 1.5 किमी सड़क निर्माण कराने, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गोहिरा बस्ती में अवैध ईंट भट्ठे के संचालन पर रोक लगाने, राजनगर प्रखंड में अवैध क्रशर संचालन के विरोध, सरायकेला अंचल में पंजी–2 में सुधार से संबंधित लंबित प्रकरण, नीलाम पत्र से संबंधित लंबित वाद सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य विषय शामिल रहे।
उपायुक्त द्वारा विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता दरबार में प्रस्तुत सभी प्रकरणों की विधिसम्मत, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अविलंब स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान की जा सके।
