Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 22 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026

उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्नसड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण एवं अधोसंरचना सुधार हेतु दिए गए आवश्यक दिशा–निर्देश…

==========================…

आज उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुणायत (भा.पु.से.) की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा सुदृढ़ीकरण तथा सड़क अधोसंरचना सुधार से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई एवं आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अवगत कराया कि माह दिसम्बर 2025 में जिले में कुल 18 सड़क दुर्घटनाएँ घटित हुईं, जिनमें 14 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 8 व्यक्ति घायल हुए। साथ ही जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही प्रगति पर है। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे सघन जांच अभियानों के दौरान ₹22,99,050/- (रुपये बाईस लाख निन्यानवे हजार पचास मात्र) की राशि दंड के रूप में वसूल की गई है।

बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा पूर्व में निर्गत दिशा–निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। कांडरा–चांडिल सड़क निर्माण, डोबो सड़क निर्माण तथा रंगामाटी–टीकर सड़क के मरम्मती कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही राजनगर बाईपास रोड स्थित तीतीरबीला पुलिया में उत्पन्न गैप की मरम्मती को लेकर पथ निर्माण विभाग (RCD) को शीघ्र आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विभागीय दिशा–निर्देशों के आलोक में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एनएच–32 एवं एनएच–33 सहित सभी राष्ट्रीय एवं प्रमुख सड़कों पर यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु रिफ्लेक्टर, बड़े साइनेज बोर्ड, हाई मास्ट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएँ। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने–अपने क्षेत्राधिकार में नियमित वाहन जांच अभियान संचालित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग एवं ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की नियमित जांच कर आवश्यकता अनुसार दंडात्मक कार्रवाई करने एवं जिले में “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को प्रभावी रूप से लागू रखते हुए सभी पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा इसके सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी संबंधित विभागों द्वारा पारस्परिक समन्वय, सतत निगरानी एवं समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग को निर्देश दिया कि वे अपने–अपने अधीन सड़कों की मरम्मती, प्रकाश व्यवस्था तथा ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। अतः नागरिकों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर अपनी एवं अन्य की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी योजनाओं एवं दिशा–निर्देशों के क्रियान्वयन में पूर्ण तत्परता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके।

बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) श्री रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), मोटरयान निरीक्षक, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी, JARDCL के अधिकारियो, सभी सम्बन्धित विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य समिति सदस्य उपस्थित थे।