सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 21 जनवरी, 2026.
सरायकेला–खरसावां जिले में सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी से ऐतिहासिक पहल
झारखंड में पहली बार पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया से ₹2.30 करोड़ का राजस्व प्राप्त…
सरायकेला–खरसावां जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता, तकनीक आधारित शासन एवं राजस्व संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में झारखंड राज्य में पहली बार सीज (जप्त) बालू की ऑनलाइन नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। उक्त नीलामी सरायकेला–खरसावां जिला प्रशासन द्वारा विधिसम्मत एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत कुल लगभग 12 लाख घन फीट सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी की गई।
नीलामी हेतु आधार मूल्य ₹1.72 करोड़ निर्धारित किया गया था, जबकि प्रतिस्पर्धात्मक ऑनलाइन बोली प्रक्रिया के परिणामस्वरूप अंतिम नीलामी मूल्य ₹2.30 करोड़ प्राप्त हुआ। इस प्रकार, जिला प्रशासन के प्रयासों से राज्य को अपेक्षा से अधिक राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित हुई, जो जिले एवं राज्य दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धि है।
इस संबंध में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जब्त खनिज संसाधनों के निपटान हेतु ऑनलाइन नीलामी जैसी पारदर्शी एवं तकनीक आधारित प्रणाली को अपनाया जाना सुशासन की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित होता है, वहीं दूसरी ओर राज्य के लिए अतिरिक्त एवं वैध राजस्व स्रोत भी सृजित होता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में जिले में अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्रवाइयों में जब्त खनिजों के निपटान हेतु इसी प्रकार की पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक ऑनलाइन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि अधिकतम राजस्व प्राप्ति के साथ-साथ संसाधनों का विधिसम्मत एवं न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
