Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 20 जनवरी, 2026.

Publish Date : 27/01/2026
adc meeting (1)

अपर उपायुक्त की अध्यक्षता में आगामी 26 जनवरी, 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न…

झांकी, परेड, सुरक्षा, मंच व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों की घंटे समीक्षा कर सौंपी गए जिम्मेदारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के दिए गए निर्देश…

उपायुक्त के निर्देशानुसार आज समाहरणालय सभागार, सरायकेला में अपर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री जायबर्धन कुमार की अध्यक्षता में आगामी 26 जनवरी, 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के निमित्त समीक्षा बैठक आहूत की गई।

बैठक के दौरान विगत बैठक में विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के संबंध में अब तक की गई तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अपर उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि समारोह से जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं हर हाल में 24 जनवरी, 2026 तक पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

अपर उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर निकाली जाने वाली झांकियां देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित हों। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे 24 जनवरी, 2026 तक झांकी से संबंधित अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। झांकी की विषय-वस्तु गरिमामय, अनुशासित एवं संदेशपूर्ण होनी चाहिए तथा प्रस्तुति में राष्ट्रीय भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो।

अपर उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि मुख्य समारोह स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, आगंतुकों के बैठने की उत्तम एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था, समुचित प्रकाश (लाइट) एवं ध्वनि (साउंड) व्यवस्था, तथा ब्रांडिंग से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि समारोह गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
इसके अतिरिक्त, परेड, मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, विद्युत, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में श्री अजय तिर्की, निदेशक, डीआरडीए, जिला योजना पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधिक्षक मुख्यालय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

adc meeting (1)