सूचना भवन, सरायकेला-खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 25 जुलाई, 2025
साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने आम जनता की समस्याएं सुनी, प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारी को दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
सरायकेला-खरसावां: आज दिनांक 25 जुलाई, 2025, शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत तथा सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की उपायुक्त द्वारा गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, सालडीह टू मे खेल मैदान के समतलीकरण और बैठने की व्यवस्था, केरला पब्लिक स्कूल छोटक गम्हरिया के सामने सड़क पर ज़ेबरा क्रॉसिंग बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन, राजनगर प्रखंड मे सीमांकन में अवरोध तथा बाउंड्री वॉल से संबंधित विवाद एवं आँख के इलाज हेतु मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवेदकों ने अपनी बात रखी। सभी मामलों पर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
