सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 07 नवंबर 2026.
उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अनियमितताओं के विरुद्ध विशेष जांच अभियान जारी…
आदित्यपुर क्षेत्र की मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच, अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलोग्राम बासी एवं खराब मिठाइयां कराई गईं नष्ट…
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर सख्त निर्देश; जिलेभर में नियमित जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी…
========================
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार आगामी दीपावली एवं अन्य पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी, असुरक्षित खाद्य सामग्री के उपयोग तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन एवं अनियमितताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज आदित्यपुर क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण की स्थिति, परिसर की साफ-सफाई, सैनिटेशन तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में अंबा स्वीट्स में लगभग 10 किलोग्राम बासी एवं खराब मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति नहीं करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, निरीक्षण के दौरान रसगुल्ला को अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो (Hydro) के उपयोग का मामला भी सामने आया। इस संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को उक्त पदार्थ का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई तथा भविष्य में ऐसी अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
इसी क्रम में आदर्श स्वीट्स एवं गोपाला स्वीट्स में खाद्य पदार्थों को ढकने एवं रखने के लिए अखबार का उपयोग किया जाना पाया गया। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए खाद्य पदार्थों के संपर्क में अखबार का उपयोग तत्काल बंद करने तथा खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं स्वच्छ भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में उपयोग किए जा रहे रंगों की भी जांच की गई। जांच में उपयोग किए जा रहे रंग अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्धारित मानकों एवं अनुमत मात्रा के अनुरूप ही खाद्य रंगों का उपयोग करने तथा किसी भी परिस्थिति में औद्योगिक रंगों का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, निर्माण एवं भंडारण क्षेत्र की स्वच्छता तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाई गई, उनके संचालकों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पर्व-त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में मिलावटी, बासी, खराब अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं की जाए। साथ ही, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत निर्धारित नियमों एवं विनियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी, अनियमितताओं एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मिठाई दुकानों सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्व-त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी एवं खाद्य पदार्थों में अनियमितताओं के विरुद्ध विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
