सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 30 अक्टूबर, 2026.

Publish Date : 31/10/2026

वित्तीय समावेशन एवं सरकारी योजनाओं के लंबित आवेदनों के निष्पादन हेतु 04 नवंबर को विशेष शिविर का आयोजन…

शिविर के सफल आयोजन एवं लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैंक शाखा प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश…

सरायकेला-खरसावाँ।

जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दिनांक 04 नवंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे अटल पार्क, S-Type, कल्पनापुरी, आदित्यपुर में वित्तीय समावेशन (FI Saturation) अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi) एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PM Vishwakarma) के लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।

शिविर के दौरान संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से लंबित आवेदनों की समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को आवश्यक प्रपत्र एवं दस्तावेजों के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

अग्रणी जिला प्रबंधक श्री वरुण चौधरी ने आम नागरिकों एवं संबंधित योजनाओं के आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।