सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 11 मार्च 2026.
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण एवं अधोसंरचना सुधार हेतु दिए गए आवश्यक दिशा–निर्देश…
========================
उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा सड़क अधोसंरचना के सुधार से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गिरिजा शंकर महतो द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अवगत कराया कि जनवरी 2026 में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 15 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि फरवरी 2026 में 15 सड़क दुर्घटनाओं में 11 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनके सुधार हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में उपायुक्त द्वारा पूर्व में दिए गए दिशा–निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग–32, राष्ट्रीय राजमार्ग–33, राष्ट्रीय राजमार्ग–18, राष्ट्रीय राजमार्ग–220, JARDCL तथा पथ निर्माण विभाग (RCD) के अंतर्गत संचालित विभिन्न सड़कों एवं पुलिया निर्माण तथा मरम्मती कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सभी सड़क मरम्मती एवं निर्माण कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण कर सड़कों को यातायात के लिए सुचारू एवं सुरक्षित रखा जाए।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए तथा निर्माणाधीन एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती दल द्वारा नियमित भ्रमण सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक के दौरान JARDCL द्वारा संचालित सरायकेला–चौका सड़क मरम्मती कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने JARDCL के पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाते हुए सभी मरम्मती एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके तथा आम जन (लोगो) को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एनएच–32 एवं एनएच–33 सहित सभी राष्ट्रीय एवं प्रमुख सड़कों पर यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु रिफ्लेक्टर, बड़े साइनेज बोर्ड, हाई मास्ट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी प्रमुख सड़कों पर रंबल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक बोर्ड, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की स्थापना भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने–अपने क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान संचालित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग एवं ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध पार्किंग की नियमित जांच कर आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने तथा जिले में संचालित “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को प्रभावी रूप से लागू रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वित कार्यप्रणाली, सतत निगरानी एवं समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पथ निर्माण विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग को निर्देश दिया कि वे अपने अधीन सड़कों की मरम्मती, प्रकाश व्यवस्था एवं ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। अतः आम नागरिकों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं, प्राप्त शिकायतों एवं दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन में पूर्ण तत्परता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाई जा सके।
बैठक में अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) श्री रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), JARDCL तथा संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, मोटरयान निरीक्षक, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी एवं अन्य समिति सदस्य उपस्थित थे।
