सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 10 मार्च 2026.
खरसावाँ स्थित हल्दी प्रसंस्करण इकाई का डीडीसी ने किया निरीक्षण, किसानों से हल्दी क्रय, इकाई के सफल संचालन एवं बाजार से जोड़ने को लेकर दिए आवश्यक निर्देश…
खरसावाँ स्थित हल्दी प्रसंस्करण इकाई (Haldi Processing Unit) का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुश्री रीना हांसदा द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इकाई की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों एवं प्रसंस्करण व्यवस्था का अवलोकन किया।
इस अवसर पर डीडीसी ने वर्तमान सीजन में क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक हल्दी की खरीद सुनिश्चित करने तथा किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही एफपीओ (Farmer Producer Organization) के सदस्यों को हल्दी प्रसंस्करण इकाई का सुचारु एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय किसानों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने हल्दी के उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने (Market Linkage) पर भी बल दिया। इस क्रम में उत्पादों की बिक्री को ऑनलाइन माध्यमों, स्थानीय खुदरा दुकानों, जेएसएलपीएस के पलाश स्टोर्स (Palash Stores) तथा विभिन्न डिपार्टमेंटल स्टोर्स के माध्यम से बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
डीडीसी ने कहा कि हल्दी प्रसंस्करण इकाई के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं एफपीओ सदस्यों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया।
