Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावाँ प्रेस विज्ञप्ति दिनांक- 06 मार्च , 2026.

Publish Date : 07/03/2026
dc sir janta darbar (3)

उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का हुआ आयोजन, जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश…

आज समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं पर उपायुक्त द्वारा क्रमवार एवं गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई।

जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत बांदु पंचायत के लाभुक को अंबेडकर आवास योजना का लाभ प्रदान करने तथा झारखंड मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने, ईचागढ़ प्रखंड के मोर्चा द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में तत्कालीन ग्राम प्रधान के स्थान पर नए ग्राम प्रधान के चयन से संबंधित मामला, सरायकेला स्थित निजी विद्यालय सेंट फ्रांसिस द्वारा विद्यार्थियों को निर्धारित मूल्य पर विद्यालय परिसर स्थित स्टोर से ही पुस्तक एवं शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए बाध्य करने से संबंधित शिकायत, तथा राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर लैम्प्स में धान अधिप्राप्ति से संबंधित लंबित राशि के भुगतान सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य मामले शामिल रहे।

उपायुक्त द्वारा विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता दरबार में प्रस्तुत सभी प्रकरणों की विधिसम्मत, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अविलंब स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान की जा सके।

 

 

dc sir janta darbar (2) dc sir janta darbar (3) dc sir janta darbar (1)