सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 30 जनवरी, 2026.
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन अवसर पर ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने हरि झंडी दिखाकर किया रवाना…
यातायात नियमों का स्वयं पालन करें तथा अपने आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें – उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन अवसर पर जिला प्रशासन, सरायकेला–खरसावां द्वारा इंडोर स्टेडियम, सरायकेला से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला तक ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ (Run for Road Safety) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक, सरायकेला–खरसावां के द्वारा संयुक्त रूप से हरि झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएँ एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील विषय है। सुरक्षित आवागमन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को एक गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि जागरूकता एवं यातायात नियमों के अनुशासित पालन से इन दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों एवं राहगीरों से अपील की कि वे यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करें तथा अपने आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
पुलिस अधीक्षक, सरायकेला–खरसावां ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नागरिकों का जिम्मेदार एवं अनुशासित व्यवहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन संचालन से परहेज करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं, किंतु इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जन-सहयोग अनिवार्य है।
इस अवसर पर मोटरयान निरीक्षक (एम.वी.आई.) श्री दिलीप प्रसाद के द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सुरक्षित सड़कें ही सुरक्षित जीवन और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।

