Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 24 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का किया निरीक्षण…

कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…

आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली मुख्य परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंतिम पूर्वाभ्यास में कुल 09 (नौ) प्लाटूनों ने भाग लिया, जिनमें केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 134वीं बटालियन की 01 टुकड़ी, सशस्त्र सीमा बल, रांची की 01 टुकड़ी, जिला पुलिस बल, सरायकेला–खरसावां (पुरुष) की 01 टुकड़ी, जिला पुलिस बल (महिला) की 01 टुकड़ी, गृह रक्षक की 01 टुकड़ी, सेंट जेवियर्स विद्यालय, गम्हरिया, जवाहर नवोदय विद्यालय, सिजुलता, सेंट फ्रांसिस विद्यालय, सरायकेला तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सरायकेला की टुकड़ियाँ सम्मिलित रहीं।
इसके अतिरिक्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजनगर की छात्राएँ बैंड पार्टी के रूप में परेड पूर्वाभ्यास में शामिल रहीं।

परेड पूर्वाभ्यास का नेतृत्व प्रथम परेड समादेशक, परिचारी प्रवर श्री सिल्वेस्टर वां एवं द्वितीय परेड समादेशक, परिचारी प्रवर श्री उत्तम महथा द्वारा नियमानुसार किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त महोदय ने उपस्थित सभी टुकड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 26 जनवरी वह ऐतिहासिक दिवस है जब भारत ने अपने संविधान को अंगीकार किया, जो हमें लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संविधान में निहित प्रावधानों तथा विधि द्वारा स्थापित नियमों का अक्षरशः अनुपालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अपील की कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को जिलेवासी सौहार्दपूर्ण वातावरण में सपरिवार देखें तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लूणायत ने अपने संबोधन में कहा कि सभी अधिकारी, जवान एवं प्रतिभागी दोगुने उत्साह, पूर्ण अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ परेड में भाग लें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की संयुक्त प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ संविधान द्वारा प्रदत्त मूल कर्तव्यों के प्रति भी समान रूप से सजग रहना चाहिए, क्योंकि कर्तव्यनिष्ठ एवं जिम्मेदार नागरिक ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। अंत में उन्होंने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आनंद लेने एवं प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की।

मौक़े पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकास, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत विभिन्न विभाग के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहें।