Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक – 23 जनवरी, 2026.

Publish Date : 27/01/2026

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत युवाओं में सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन…

उपस्थित जनमानस एवं युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश…

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में युवाओं के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज एक फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय, राजनगर के समीप अवस्थित फुटबॉल मैदान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन जिला परिवहन विभाग के नेतृत्व में किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य खेल एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से युवाओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।

आयोजन के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजनगर, मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) सहित सड़क सुरक्षा टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा खिलाड़ियों एवं दर्शकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया गया।

पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि युवा वर्ग समाज का सशक्त स्तंभ है तथा उनके माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाया जा सकता है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सकारात्मक सोच का विकास होता है।