Close

सूचना भवन, सरायकेला–खरसावां प्रेस विज्ञप्ति दिनांक : 22 जनवरी 2026.

Publish Date : 27/01/2026
dc sir skills (3)

उपायुक्त की अध्यक्षता में कौशल विकास एवं आजीविका से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न…

विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर स्थानीय युवाओं को रिक्त पदों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार–स्वरोजगार से जोड़ने हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए…

आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों, प्रशिक्षण गतिविधियों, श्रमिक पंजीकरण, प्लेसमेंट एवं स्वरोजगार से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के क्रम में उपायुक्त द्वारा विगत समीक्षा बैठकों में दिए गए दिशा–निर्देशों के अनुपालन की क्रमवार समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को लंबित बिंदुओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों का वास्तविक उद्देश्य प्रशिक्षण उपरांत युवाओं को रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र संस्थानों से प्राप्त रिक्त पदों की मांग एवं अनुशंसा के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन किया जाए, ताकि इच्छुक स्थानीय युवाओं को उन्हीं ट्रेड एवं सेक्टर में प्रशिक्षित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कैंप आयोजित कर विभागीय योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए जाएँ तथा छूटे हुए श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जिले में स्किल पार्क के निर्माण हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ट्रेड-वार रिक्त पदों की सूची तैयार की जाए, जिससे प्रशिक्षण की योजना व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी बन सके। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले के सभी औद्योगिक संस्थान लाइव पोर्टल पर अपनी रिक्तियों की जानकारी नियमित रूप से अपलोड करें, ताकि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी हो सके।

PNB RSETI की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त ऐसे अभ्यर्थी, जो अब तक किसी कारणवश रोजगार अथवा स्वरोजगार से नहीं जुड़ पाए हैं, उन्हें ट्रेस करते हुए काउंसलिंग, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर आजीविका से जोड़ने हेतु विशेष पहल की जाए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी 8 प्रखंडों में नवपदस्थापित श्रम परिवर्तन पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें विभागीय दिशा–निर्देशों के आलोक में योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अंत में उपायुक्त ने कहा कि कौशल युक्त मानव संसाधन ही जिले के समग्र एवं सतत विकास की आधारशिला है, अतः सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल सुनिश्चित करें।

बैठक में श्रम अधीक्षक श्री अविनाश कुमार ठाकुर, संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

dc sir skills (2) dc sir skills (3) dc sir skills (1)